बिजली सुधारने गए थे कर्मचारी, गांव के दबंगों ने घेर कर पीटा, कईयों के सिर फूटे, थाना का घेरने के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

सब स्टेशन का फाल्ट सुधारने रात को पनगढ़ी सब स्टेशन पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारियों पर देउर गांव के लोगों ने हमला बोल दिया। कर्मचारियों को इतनी बुरी तरह से पीटा गया कि उनके सिर फूट गए। तीन स्टाफ को गंभीर चोट आई है। वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घायल हालत में कर्मचारियों को इलाज के लिए सिरमौर स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया। जहां से गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इलाज जारी है। वहीं इस घटना के विरोध में गढ़ थाना का सोमवार को कर्मचारियों ने घेराव किया। इसके बाद पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर ली है।

बिजली सुधारने गए थे कर्मचारी, गांव के दबंगों ने घेर कर पीटा, कईयों के सिर फूटे, थाना का घेरने के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
गढ़ थाना का घेराव

त्योंथर डिवीजन अंतर्गत पनगड़ी सब स्टेशन बिजल सुधारने गए थे कर्मचारी

रविवार की रात का मामला, देउर में हुआ हमला, 4 कर्मचारी घायल

रीवा। ज्ञात हो कि विद्युत विभाग के पास न तो पर्याप्त लाइन स्टाफ है और न ही उपकरण ही है। पुरानी लाइनें जर्जर हो गई हैं। इसके कारण ही आए दिन फाल्ट आ रहा है। रविवार की रात को त्योंथर डिवीजन अंतर्गत पनगड़ी 33 केवी सब स्टेशन में आंधी तूफान के कारण फाल्ट आ गया था। लाइन स्टाफ रात में ही बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए फाल्ट दुरुस्त करने पनगड़ी पहुंचा। इस दौरान अवनीश तिवारी, रमाकांत पटेल, प्रमोद कश्यप, अनिल विश्वकर्मा, रावेन्द्र सोनी, श्यामराज पटेल, छोटेलाल साकेत, इन्द्रदेव सोनी, उपेन्द्र पाण्डेय, जगदीश प्रजापति को वाहन से से पनगढ़ी में छोड़ दिय गया था। सभी लाइन में फाल्ट ढूढने में लगे थे। रात में सभी देउर पेट्रोलिंग करते पहुंच गये।  लाइन स्टाफ को गांव के ही कुछ दबंगों ने घेर लिया। लाइन नहीं रहने की बात कहते हुए उन पर लाठी डंडों हमला कर दिया गया। लाइन स्टाफ को सम्हलने का मौका नहीं दिया गया। स्टाफ की मानें तो हमला करने वाले गांव के ही दबंग है। लाइन स्टाफ को इतना बुरी तरह से पीटा गया कि वह बेदम हो गए। स्टाफ का सिर फोड़ दिया गया। सभी कर्मचारी लहूलुहान हालत में जमीन पर बिछ गए। वह लोगों से गुहार लगाते रहे, विद्युत विभाग का स्टाफ होना बताते रहे लेकिन दबंगों पर तरस नहीं आई। दर्जनों लोगों ने मारपीट की और मृत हालत में छोड़कर भाग खड़े हुए। इस मारपीट की घटना में कमलेश प्रजापति उम्र 29 वर्ष निवाीस ग्राम अतरैला थाना गढ़, अनिल विश्वकर्मा, रमाकांत पटेल लाइन मैन, प्रमोद कश्यम को गंभीर चोट आई है। इसमें से एक ने कुछ दिनों पहले ही नौकरी ज्वाइन की थी। उसे भी दबंगो ने नहीं छोड़ा। मारपीट की जानकारी वरिष्ठों को दी गई। साथियों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वासथ्य केन्द्र सिरमौर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया है। घायलों का इलाज जारी है। वहीं इस मारपीट की घटना से नाराज विद्युत विभाग के स्टाफ ने सोमवार को गढ़ थाना का घेराव कर दिया। पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें लक्ष्मण यादव पिता सुखलाल यादव, सूर्यबली यादव पिता विश्वनाथ यादव ग्राम देउरथाना गढ़, रामजी यादव पिता गाविंद यादव, विवेन्द्र यादव और लालता यादव सभी दिवासी देउर थाना गढ़ शामिल हैं। इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मामला

गढ़ थाना का सुबह विद्युत कर्मचारियों ने घेराव किया। इसके बाद ही पुलिस ने मारपीट करनेवालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज की। पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने बीएनएस 296, 115/2, 351/2, 132, 3/5, 3/1/द, 3/1/ध, 3/2/वीए के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण तो पुलिस ने दर्ज कर लिया लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी पुलिस नहीं कर पाई है। सूत्रों की मानें तो विद्युत कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले गांव के ही दबंग है.

खराब केबिल और लाइनों की सजा भुगत रहे कर्मचारी

रीवा जिला में केबलीकरण की गई थी। अब इन केबिल और लाइनों की एक्सपायरी डेट आ गई है। अब यह जरा सी आधी में भी टूट कर बिखर जाती है। गावं के केबिल भी खराब हो चुकी है। इन कंडक्टर और केबिलों को बदला नहीं जा रहा है। विभाग के पास केबिल और कंडक्टर नहीं रहता है। सारा काम ठेके पर ही होता है। पर्याप्त स्टाफ भरी नहीं है। लाइनमैन और टेक्निकल स्टाफ की कमी है। ऐसे में आउटसोर्स कर्मचारियों से ही सारा काम लिया जाता है। खराब लाइनें जरा सी आधी और बारिश में दगा दे देती हैं और  लोगों का गुस्सा कर्मचारियों केा सहना पड़ता है।