हाइवे किनारे बने घर में दिन दहाड़े हुई 90 लाख की चोरी, चोरों ने ऐसा मारा हाथ की जान कर हो जाएंगे हैरान

चोरों ने मनगवां थाना अंतर्गत हाईवे के बने एक मकान में हाथ साफ कर दिया। घर से सोना चांदी के आभूषण पार कर दिए। करीब 90 लाख का सामान चोरी होने की आशंका जताई गई है। जिस घर में चोरों ने हाथ साफ किया वह एक भूतपूर्व सैनिक का मकान है। घर के लोग रिश्तेदार के घर पर गए थे। शादी की तैयारियां चल रही थी। चोरों ने दिनदहाड़े ही हाथ साफ कर दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

हाइवे किनारे बने घर में दिन दहाड़े हुई 90 लाख की चोरी, चोरों ने ऐसा मारा हाथ की जान कर हो जाएंगे हैरान

दिन दहाड़े चोरों ने की वारदात, पुलिस जांच में जुटी
रीवा। मिली जानकारी के अनुसार जिस घर में चोरों ने हाथ साफ किया। वह घर हाइवे के ठीक किनारे पर ही बना हुआ है। घर पर शुक्रवार को दिन में ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घर के चैनल गेट का ताला तोड़ बदमाश घर के अंदर प्रवेश किए। कमरे के अंदर पहुंच कर पेटी, आलमारियों का लॉक तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बदमाश चुरा ले गए। पीडि़त के मुताबिक करीब 90 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व बक्से में रखे 55 हजार रुपए नकद चोर चुरा ले गए। पीडि़त ने पूरी घटना की शिकायत मनगवां थाना में दर्ज करवाई है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर उनकी तलाश कर रही है।
भतीजी के विवाह की चल रही थी तैयारी
घटना के संबंध में पीडि़त शिव प्रताप सिंह पिता श्रीपत सिंह भूतपूर्व सैनिक ने बताया कि उनकी भतीजी का 18 अप्रैल को विवाह है। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे उनकी बहू घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित अपने भाई के घर वैवाहिक तैयारियों में शामिल होने गई थी, जब वह शाम करीब पांच बजे वापस आई तो देखा की चैनल का ताला टूटा हुआ है, अंदर देखा तो सभी कमरे के ताले टूटे हुए थे। पेटी, आलमार व बक्से के लॉक भी टूटे मिले, पूरे घर का सामान इधर उधर बिखरा हुआ था। उसके द्वारा घटना की सूचना परिवार के लोगों को दी गई। जिसके बाद पीडि़त परिवार ने चोरी की सूचना मनगवां थाना में दर्ज करवाई है।
50 तोला सोना और चांदी के आभूघण हुए पार
पीडि़त भूतपूर्व सैनिक ने बताया कि उनका बालक भी सेना में है, बहुओं का समान घर में रखा था। अज्ञात चोरों ने दो सेट सोने का कंगन,  मंगलसूत्र दो नग, उनकी बहू का मंलगसूत्र, 8 नग अंगूठी सहित करीब पचास तोला सोने के आभूषण पार कर दिए। साथ ही घर में रखे करीब एक किलो वजन के चांदी के जेवरात भी बदमाश चुरा ले गए। पीडि़त ने बताया कि बक्से में रखे 55 हजार रुपए नकद भी चोरी हुए हैं।
फिंगर एक्स्पर्ट की टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना की शिकायत के बाद मनगवां पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है, उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस चोरों तक पहुंचेगी। बताया गया कि घटनास्थल पर एफएसएल टीम के साथ ही फिंगर एक्सपर्ट सहित मनगवां पुलिस बल ने बारीकी से निरीक्षण किया है, पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग हाथ लगे हैं। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।