वनकर्मचारी संघ को मिल गया नया अध्यक्ष, जिसने डीएफओ के भी छुड़ा दिए थे पसीने, उसी के सिर सजा ताज

वन कर्मचारी संघ को नया जिला अध्यक्ष मिल गया है। सुबह से शाम तक चली निर्वाचन की प्रक्रिया के बाद जब मतगणना के परिणाम आए तो प्रतिद्वंदी तक हैरान रह गए। भारी मतों के अंतर से आयुष तिवारी ने दो अन्य कंडीडेट को पटखनी दे दी। अब आयुष ही वनकर्मियों की समस्याओं का निराकरण करने सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। यह वही आयुष हैं जिन्होंने एक डीएफओ तक के पसीने छुड़ा दिए थे। अब इन्हीं के नेतृत्व में कर्मचारियों की लड़ाई लड़ी जाएगी।

वनकर्मचारी संघ को मिल गया नया अध्यक्ष, जिसने डीएफओ के भी छुड़ा दिए थे पसीने, उसी के सिर सजा ताज

कुल 260 मत पड़े थे, इसमें से 145 आयुष के पक्ष में गिरे

परिणाम के घोषणा के बाद ढ़ोल नगाड़ों के साथ निकाली गई रैली, खूब मना जश्न

रीवा। रविवार को जयंती कुंज में गहमागहमी का माहौल रहा। यहां मप्र कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी। ईको सेंटर में मतदान चल रहा था। सुबह से शुरू हुई मतदान की प्रक्रिया शाम तक जारी रही। यह चुनाव मप्र वन कर्मचारी संघ के प्रांताध्यक्ष पंकज पाण्डेय की घोषणा के बाद 17 अगस्त को कराया गया। इसके लिए निर्वाचन अधिकारी भी नियुक्त किए गए थे। निर्वाचन अधिकारियों ने ही पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आयोजित कराई। इस चुनाव में कुल 297 मतदाता थे ल ेकिन मतदान सिर्फ 260 ने ही किया। शाम 4 बजे तक मतदान का दौर चला। मतदान के लिए डाक मत पत्रों का ही उपयोग किया गया। मतदान पेटी में सभी के मत पत्र डाले गए। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में ही मतपत्र मतपेटी से बाहर निकाले गए। सभी मतपत्रों की स्क्रूटनी की गई। इसमें एक मत पत्र अनवैलिड निकला। कुल 259 मतों की गणना की गई। मतगणना के बाद जैसे ही अध्यक्ष पद के लिए विजेता की घोषणा हुई। समर्थक खुशी से झूम उठे। जमकर जश्न मनाया गया। ढोल नगाड़े बजाए गए।

आयुष को मिले आधे से अधिक वोट

जिला अध्यक्ष पद के लिए तीन कंडीडेट खड़े थे। इसमें आयुष तिवारी, धर्मेन्द्र पटेल और भुवनेश्वर मिश्रा जिला अध्यक्ष के दावेदार थे। मतगणना के बाद जब मतों की गिनती की गई तो इसमें आयुष तिवारी को कुल 145 वोट यानि कुल मतदान का 55.79 फीसदी मत मिला। इसी तरह भुवनेश्वर मिश्रा को सिर्फ 5 फीसदी यानि 14 वोट और धर्मेन्द्र पटेल को 38.46 फीसदी यानि 100 वोट मिले। इस तरह मतों के आधार पर आयुष तिवारी को विजयी घोषित कर दिया गया। आयुष अब मप्र वनकर्मचारी संघ के नए अध्यक्ष घोषित कर दिए गए हैं। अब वह कर्मचारियों के मुद्दों को उठाएंगे।

आयुष तब सुर्खियों में आए थे

जिला अध्यक्ष पर पर निर्वाचित होने वाले आयुष तिवारी ने तत्कालीन डीएफओ अनुपम शर्मा की नाक में भी दम कर दिए थे। आयुष तिवारी के खिलाफ डीएफओ ने एक्शन लिया था। इसके बाद उन्होंने डीएफओ के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया था। उन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। लिखित में डीएफओ की शिकायत भी सीसीएफ से की थी। उनके इस बगावत में वन कर्मचारी संघ ने भी साथ दिया था। कई दिनों तक मुद्दा तूल पकड़ा था। कर्मचारी संघ ने डीएफओ अनुपम शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की थी।

..............................................

सभी जिलों में जिला अध्यक्ष का चुनाव कराया जाना है। इसकी शुरुआत रीवा से की गई है।

पंकज पाण्डेय

प्रांताध्यक्ष, मप्र वन कर्मचारी संघ, रीवा