डायल 100 वाहन हटेंगे, थानों में डायल112 वाहनों की हुई इंट्री, जानिए क्या है नए वाहनों की खूबियां

डायल 100 अब पुरानी बात हो गई। पुरानी सेवा को बंद कर अब पुलिस विभाग ने नई सेवा शुरू कर दी है। डायल 112 नई सेवा शुरू कर दी है। इसमें सिर्फ सेवाएं ही नहीं बदली है। वाहन भी बदलने वाले हैं। डायल 100 सेवा के वाहन हट जाएंगे। रीवा और मऊगंज में डायल 112 के 43 वाहन मिले हैं, जो पहुंच गए है।

रीवा को 34 और मऊगंज पुलिस को 9 नए वाहन मिले हैं

पुराने वाहन के मुकाबले तकनीकी रूप से ज्यादा सक्षम हैं नए वाहन

रीवा। अभी तक आम पब्लिक को पुलिस की मदद डायल 100 पर फोन करते ही मिल जाती थी। सभी थाना में डायल 100 वाहन भी तैनात किया गया था। इसमें पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। यह मौके पर पहुंच कर लोगों की शिकायतों का निराकरण करते हैं। अपराध रोकने से लेकर अपराधिक प्रकरण दर्ज करने का भी काम करते थे। अब इनकी जगह डायल 112 लेने जा रही है। नए वाहन भी रीवा और मऊगंज पहुंच गए हैं। जल्द ही प्रक्रिया पूरी होते ही डायल 100 की जगह डायल112 थानों में खड़े नजर आएंगे। 

सीसीटीवी कैमरे से लैस है वाहन

नए वाहन पुराने डायल 100 से काफी हाईटेक हैं। इसमें जीपीएस लोकेशन, रूट ट्रैकिंग सिस्टम, सीसीटीवी कैमरा सब कुछ लगा हुआ है। डायल 112 के पास जैसे ही शिकायती फोन पहुंचेगा। वैसे ही डिस्प्ले में वहां की लोकेशन भी दिखनी शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही डायल 112 के वाहन चालक को वहां तक पहुंचने का रूट भी दिखने लगेगा। इससे पुलिस मौके पर जल्द से जल्द पहुंच सकेंगी। इधरउधर भटकना नहीं पड़ेगा

बड़े थानों को तीन से चार, छोटे थानों को एक वाहन मिलेंगे

डायल 100 की तुलना में डायल 112 के वाहन रीवा को 13 अधिक मिले हैं। इन थानों को उसके क्षेत्र के हिसाब से आवंटित किया जाएगा। बड़े थानों को ज्यादा और छोटे थानों और चौंकियां को सिंगल वाहन दिए जाएंगे। फिलहाल बड़े थानों में बिछिया, चोरहटा, समान, गुढ़, रायपुर कर्चुलियान, मनगवां, बैकुंठपुर, जवा हैं। इन्हें दो दो वाहन दिए जाएंगे। इसी तरह गढ़ को तीन और सेमरिया को चार वाहन दिए जाएंगे। इसके अलावा अन्य चौकियों-थानों जैसे नौवस्ता, शिवपुरवा, पटेहरा, मनिकवार, त्योंथर, सोनौरी, सगरा को सिंगल वाहन दिए जाएंगे। 

मऊगंज जिला के थानों को मिले 9 वाहन

रीवा को 34 वाहन मिले हैं। मऊगंज को भी थानों के हिसाब से 9 वाहन दिए गए हैं। इसमें हनुमना, मऊगंज, शाहपुर और लौर थानों को दो दो वाहन दिए गए हैं। नईगढ़ी थाना को एक वाहन आवंटित हुआ है।