बिजली हुई बंद तो उपभोक्ता आ धमके आफिस, जमकर मचाया उत्पात और की तोड़फोड़

बिजली बंद होने से नाराज़ उपभोक्ताओं ने कार्यालय में घुसकर खूब उपद्रव मचाया। तोड़फोड़ भी की। थाना में जानकारी दी गई तो मौके पर पुलिस पहुंच गई। मामला शांत कराया गया। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने अमहिया थाना में शिकायत दर्ज कराई लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई।

बिजली हुई बंद तो उपभोक्ता आ धमके आफिस, जमकर मचाया उत्पात और की तोड़फोड़

रीवा। विद्युत विभाग शहर संभाग में आधी रात पहुंची उपभोक्ताओं की भीड़ ने जमकर हंगामा मचाया। बिजली बंद होने से नाराज़ उपभोक्ताओं ने गल्ला मंडी पहुंचकर शिकायत कक्ष में जमकर तोड़फोड़ की। आधी रात को कार्यालय में हंगामा की जानकारी अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों ने अमहिया पुलिस को जानकारी दी। मौके पर रात में ही पुलिस पहुंची। इसके बाद ही हंगामा शांत हुआ। विद्युत विभाग शहर संभाग ने तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा हंगामा गुरुवार शुक्रवार की देर रात का है। एसके फीडर की बिजली बंद हो गई थी। पावर ट्रांसफार्मर में दिक्कत आ गई थी। करीब आधे घंटे बिजली बंद रही। बिजली बंद होने के कारण लोगों का गर्मी में बुरा हाल हो गया। शहर संभाग में तरहटी के उपभोक्ताओं ने फोन लगाया। आपरेटर ने फोन नहीं उठाया तो गुस्साए उपभोक्ताओं और कुछ असामाजिक तत्व गल्ला मंडी कार्यालय पहुंच गए। आपरेटर और आउटसोर्स कर्मचारियों से हुज्जतबाजी की। इसके बाद तोड़फोड़ शुरू कर दी। हंगामा की जानकारी कार्यपालन अभियंता को दी गई। उन्होंने थाना में सूचना दी कुछ ही देर में मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मामला सम्हाला। शुक्रवार को इसकी शिकायत अमहिया थाना में दर्ज कराई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।