दिव्यांग युवक पर एक दिन पहले हुआ था हमला, दूसरे दिन हो गई मौत, परिजनों ने शव रख कर किया चकाजाम

एक दिव्यांग युवक पर शनिवार की दोपहर बांस घाट में आधा दर्जन युवकों ने हमला किया था। युवक के साथ मारपीट की थी। पुलिस थाना में युवक ने पहुंच कर शिकायत की लेकिन पुलिस ने उसकी नहीं सुनी। दूसरे दिन अचानक तबीयत बिगड़ी। परिजन अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में दिव्यांग युवक की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जयस्तंभ चौक में जाम लगा दिया। पुलिस ने हंगामे को शांत करने के लिए पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

दिव्यांग युवक पर एक दिन पहले हुआ था हमला, दूसरे दिन हो गई मौत, परिजनों ने शव रख कर किया चकाजाम

बांस घाट में युवक का हुआ था विवाद, आधा दर्जन लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला

सिविल लाइन थाना में पदस्थ एक पुलिसकर्मी पर भी परिजनों ने लगाया थाना से भगाने का आरोप

रीवा। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम ऋतुराज लोनिया उम्र 27 वर्ष है। वह कबाड़ी मोहल्ला का रहने वाला है। उनके भाई और बहन ने बताया कि पैर से उसका भाई दिव्यांग भी था। ऋतुराज लकड़ी का काम करता था। वह शनिवार की दोपहर करीब 2 बजे बांस घाट सीढ़ी लेने गया था। वहीं पर भाई का आयुष, गोकुल, देवी और अन्य के साथ विवाद हो गया था। उसे घेर कर लोगों मारा। दौड़ा दौड़ा कर उसके साथ मारपीट की गई। इस मारपीट में उसके सिर और पेट में चोट आई थी। रविवार को उसकी मौत हो गई है। परिजनों ने बताया कि मारपीट की शिकायत लेकर सिविल लाइन थाना भी गए थे। वहां उनकी सुनवाई तक नहीं हुई। एक पुलिसकर्मी पर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी उनकी शिकायत ही नहीं सुन रहा था। मामले को रफादफा करने की कोशिश में लगा रहा। उन्हें थाना से भगाजा जा रहा था। बाद में लाख मिन्नतें करने पर थाना में उनकी शिकायत दर्ज की गई। मृतक के परिजनों ने पुलिसकर्मी सहित मारपीट करने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। 

जयस्तंभ चौक पर लगाया जाम, घंटो चला हंगामा

अस्पताल से परिजन शव लेकर सीधे जय स्तंभ चौक पहुंचे। जय स्तंभ चौक पर परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों के हंगाम की जानकारी लगते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों को समझाइश देने का प्रयास किया गया लेकिन वह कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। पुलिस ने अंतत: पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज की। इसके बाद ही परिजनों ने जाम खोला। परिजनों ने मारपीट का वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अड़े हुए थे।