मोबाइल देखने से पत्नी ने रोका तो पति ने कर दी हत्या, बचने के लिए कांटे से बनाया पैरों में सांप काटने का निशान
मनगवां पुलिस ने महिला की हत्या का राज खोल दिया। पति ने ही पत्नी की कंबल से मुंह दबा कर हत्या की थी। पत्नी ने पति को सिर्फ मोबाइल देखने से रोका था। इसी बात पर गुस्से में आकर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। फिर पुलिस से बचने के लिए ही पति ने सारा ड्रामा किया था लेकिन ने सारी सच्चाई से पर्दा उठा दिया। पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मनगवां थाना अंतर्गत ग्राम सथनी में हुई थी महिला की हत्या
पहले चोरों द्वारा वारदात को अंजाम देना बताया जा रहा था बाद में पति ही निकला हत्यारा
रीवा। ज्ञात हो कि 28 जून की सुबह पुलिस के पास जानकारी पहुंची कि ग्राम सथनी थाना मनगवां में एक महिला की हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। एडिशनल एसपी विवेक लाल भी जांच पड़ताल करने पहुंचे। एसएफएल की टीम भी पहुंची। महिला की हत्या मुंह दबा कर होना पाया गया। घर के अंदर का पूरा समान बिखरा हुआ था। पुलिस ने पहले अंदेशा जताया कि चोर घर में घुसे होंगे। चोरी के दौरान महिला की नींद टूटी होगी और चोरो ने ही हत्या कर दी। पुलिस इसी दिशा में जांच करने में जुट गई। पति से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अस्पताल गया हुआ था। सारे एंगल से जांच पड़ताल करने के बाद भी जब पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा और कहीं से भी चोरी होना नहीं पाया गया तो पुलिस को पति पर ही शक हुआ। पुलिस ने पति संजय पटेल पिता अशोक पटेल उम्र 30 वर्ष को उठाया। थाना लाकर सख्ती से पूछताछ की तो सारी कहानी सामने आ गई। पति ने जुर्म कबूल लिया। पति ही पत्नी का हत्यारा निकाला और पुलिस को गुमराह करके बचने की कोशिश करने में लगा हुआ था। पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्या के खुलासे में एसडीओपी सिरमोर उमेश प्रजापति, निरीक्षण वर्षा सोनकर, निरीक्षक वीरेन्द्र पटेल फिंगर एक्सपर्ट, उप निरीक्षक देवेन्द्र सिंह, सउनि राजेश द्विवेदी, सियाशरण रावत, प्रआर चन्द्रशेखर प्रसाद शर्मा, विष्णुदत्त पाण्डेय, आरक्षक बृजकिशोर, अमरीश सिंह, मनीष मोर्य, यशवंत सिंह, अजय सिंह, देवेन्द्र गोयल का विशेष योगदान रहा।
फोन बंद करने की बात कहना पत्नी को पड़ा भारी, जान से हाथ धोना पड़ा
पूछताछ में संजय पटेल ने बताया कि 27 जून की रात को खाना खाने के बाद दोनों सोने चले गए थे। वह मोबाइल देख रहा था और पत्नी सो रही थी। मोबाइल देखने से उसे दिक्कत हो रही थी। वह बार बार मोबाइल बंद कर सोने के लिए टोक रही थी। इसी बात पर संजय गुस्सा गया और पत्नी का कंबल से मुंह दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पत्नी की मौत के बाद संजय के होश उड़ गए। उसने पुलिस से बचने के लिए फिर पूरे कमरे के बर्तन, आभूषणों की खाली डिब्बियां फैला दी। इतना ही नहीं दोस्त को घर बुलाया। कांटे से सांप काटने का पत्नी के पैरों पर निशान बनाया। फिर झाड़ फूंक और इलाज कराने अस्पताल भी गया। इसके बाद जब सुबह पुलिस आई तो उन्हें घर में चोरी और चोरों द्वारा ही हत्या किए जाने के भ्रमजाल में उलझा दिया।