शिक्षा विभाग का गजब हाल: रीवा में दो ऐसी स्कूलें जहां डबल डबल हो गई प्राचार्य की पदस्थापना और 12 जगहों पर शिक्षक डबल
स्कूल शिक्षा विभाग में इस मर्तबा भोपाल से ऐसी गड़बड़ी हुई कि लोग परेशान हो गए। एक ही स्कूल में दो प्राचार्यों की पदस्थापना कर दी गई। रीवा में ऐसी एक नहीं दो दो स्कूलें निकली। जहां एक साथ चार प्राचार्य ज्वाइनिंग करने पहुंच गए। सभी ने ज्वाइन भी कर लिया। यहां विसंगति यहीं पर नहीं रुकी। यह प्राचार्यों के अलावा शिक्षकों की पदस्थापना में भी सामने आई है। रीवा जिला में एक पद पर करीब 12 शिक्षकों की डबल पदस्थापना की गई है। अब हंड़कंप मचने क बाद संशोधन किया जा रहा है।

जुगाड़ वालो की पदस्थापना ऑफलाइन हुई, बिना जुगाड़ वाले आनलाइन से आए, इसके कारण एक स्कूल में दो प्राचार्य पदस्थ हो गए
रीवा। स्कूल शिक्षा विभाग की जितनी दुर्गति होनी थी सरकार और अधिकारियों ने उसकी उससे कहीं ज्यादा कर दी। शिक्षा विभाग में जुगाड़ वालों के लिए अलग स्थानांतरण की फाइल चली और बिना जुगाड़ वालों के लिए आनलाइन व्यवस्था बनाई गई। हालत यही रही कि दोनों जगहों से एक ही जगह प्राचार्य और शिक्षक की पदस्थापना हो गई। पीएम ने अलग पदस्थ कर दिया। वहीं आयुक्त स्कूल शिक्षा के आदेश से अलग से पदस्थापना हो गई। इसके कारण एक ही स्कूल में दो प्राचार्य पदस्थ कर दिए गए। रीवा में ऐसी करीब 12 से 15 जगह विसंगतियां सामने आई हैं। अब इसे सुधारा जा रहा है।
हाई स्कूल भुंडहा में एक आनलाइन तो दूसरा आफलाइन प्राचार्य पहुंचा
स्कूल शिक्षा विभाग में दो तरह की स्थानांतरण फाइलें और आवेदन का दौर चला। एक तरफ ऑफलाइन आवेदन हुए तो दूसरी तरफ आनलाइन आवेदन किए गए। इसी विसंगति के कारण एक जगह दो प्राचार्य पदस्थ हो गए। भुंडहा हाई स्कूल में आनलाइन स्थानांतरण से निर्मला तिवारी की पदस्थापना हो गई। वहीं दूसरी तरफ ऑफलाइन स्थानांतरण के जरिए बीआरसीसी रहे प्रवीण शुक्ला पहाड़ी सतना से भुंडहा पहुंच गए। दोनों ने प्राचार्य पद पर पदस्थापना को लेकर ज्वाइनिंग भी कर ली। एक ही स्कूल में दो प्राचार्य काम भी करने लगे। हालांकि बाद में सरकार ने गलतियां सुधारी। प्रवीण शुक्ला को हटाते हुए उनके आदेश में संशोधन किया और डाइट भेज दिया।
मैदानी स्कूल में भी दो प्राचार्य पहुंच गए
भुंडहा की तरह की गड़बड़ी रीवा के मैदानी हाई स्कूल में भी सामने आई। यहां भी प्राचार्य पद पर दो लोगों की पदस्थापना कर दी गई। आनलाइन आवेदन से राघवेन्द्र सिंह माध्यमिक शिक्षक उच्च पद प्रभार में हाई स्कूल प्राचार्य मौरा सीधी में पदस्थ रहे। इनका स्थानांतरण जीएचएस मैदानी में किया गया। वहीं दूसरी तरफ तिवरिंगवा रायपुर कर्चुलियान में पदस्थ रहे विनोद शंकर अग्निहोत्री ने ऑफलाइन ऑवेदन किया था। ऑफलाइन आदेश में इनकी भी पदस्थापना मैदानी में कर दी गई थी। बाद में इन दोनों में से एक को हटाया गया। रावेन्द्र सिंह मैदानी में ही रह गए। वहीं विनोद शंकर अग्निहोत्री को माड़ौ स्कूल भेज दिया गया है।
शिक्षकों की पदस्थापना में भी हुई गड़बड़ी
स्कूल शिक्षा विभाग में सिर्फ प्राचार्य के पदस्थापना में ही गड़बड़ी नहीं हुई। शिक्षकों को भी पदस्थ करने में विसंगतियां सामने आई हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के एक ही व्यवस्था में दो तरह के नियम समझ से परे हैं। यह व्यवस्था शिक्षकों के साथ धोखे जैसा है। यही वजह है कि एक पद जहां खाली था, वहां दो शिक्षकों की पदस्थापना कर दी। ऐसे 12 से 15 शिक्षक सामने आए हैं। जहां डबल पदस्थापना कर दी गई थी। वीसी में निर्देश देकर आयुक्त लोक शिक्षण ने प्रकरणों की जानकारी मांगी। इसके बाद संसोधित आदेश जारी किया गया।