किराए के मकान में छाप रहे थे नोट, पुलिस ने मारी रेड तो उड़ गए होश, 18 लाख के नकली नोट मिले
जबलपुर पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले और खपाने वाली गैंग का बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 18 लाख के नकली नोट बरामद किए हैं।

पुलिस ने 7 को पकड़ा, एक आरोपी फरार, तलाश जारी
3 लाख नकली नोट के बदले 12 लाख नकली नोट दिए थे
जबलपुर। जबलपुर में एक किराए के मकान में नकली नोट की फैक्ट्री चल रही थी। नकली नोट बनाने वाले की पत्नी तक को नहीं पता था कि बंद कमरे में उसका पति क्या गुल खिला रहा है। जब पुलिस ने बंद कमरे में रेड मारी तो होश उड़ गए। पुलिस ने आधारताल में ऋतुराज विश्वकर्मा के घर से छापा के दौरान 1 लाख 94 हजार नकली नोट बदराम किए। इसके अलावा लैपटॉप, कलर प्रिंटर, कटर और ए4 साइज पेपर जब्त किया है। आरोपियो की निशानदेही पर अब तक 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक फरार चल रहा है। उसकी तलाश जारी है।
पहले रवि दाहिया हाथ आया तब खुली पोल
हनुमानताल पुलिस ने पहले सोमवार को मुखबिर की सूचना पर रवि दाहिया उम्र 55 वर्ष को मदार टेकरी के पास से गिरफ्तार किया। इसके पास से पुलिस को 2 लाख 94 हजार रुपए के 500-500 रुपए के नोट बरामद हुए। पूछताछ में सरगना ऋतुराज विश्वकर्मा का नाम सामने आया। पुलिस ने आधारताल में ऋतुराज के घर पर दबिश दी तो वहां नकली नोट की फैक्ट्री बरामद हुई।
असली के बदले चार गुना देता था नकली नोट
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि ऋतुराज ने अब तक 12 लाख के नकली नोट मंडला निवासी संतोष और अजय को दिए हैं। इसके बदले उसने इन दोनों से 3 लाख रुपए असली नोट लिए थे। पुलिस ने अजय के पास से 10 और शहपुरा निवासी जमना प्रसाद के पास से 2 लाख के नकली नोट बरामद किए हैं। ऋतुराज असली नोट के बदले चार गुना नकली नोट देता था। इन्होंने चंद दिनो में ही कई शहरों में अपना जाल बिछा लिया था। यह बड़े पैमानें पर नकली नोट का कारोबार चलाने की सोच रहे थे। हालांकि इसके पहले ही वह पकड़े गए।
इन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी ऋतुराज विश्वकर्मा पिता स्व राधेश्याम विश्वकर्मा निवासी गोटेगांव नरसिंहपुर के अलावा रवि दाहिया निवासी घमापुर जबलपुर, धीरज बनवानी पिता संतोष बनवानी द्वारका नगर लालमाटी जबलपुर, गौरव तिवारी पिता रमाकांत वितारी निवासी रामपुर छापर जबलपुर, संतोष श्रीवास्तव पिता कन्हैयालाल श्रीवास्तव, बिछिया तिराहा मंडला, अजय कुमार नरवेरिया पिता राजकुमार नवेरिया, सत्यम कालोनी मंडला, जमना प्रसाद निवासी शहपुरा को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं आठवां आरोपी राकेश तिवारी अभी फरार है। पुलिस तलाश में जुटी हुई है।