हफ्ते में एक दिन सरकारी अधिकारी कर्मचारी चलाएंगे साइकिल और महिलाएं ई स्कूटी

रीवा संभाग के सरकारी अधिकारी, कर्मचारी यदि साइकिल चलाते हुए नजर आएंगे तो हैरान मत होइएगा। कमिश्नर ने मंगलवार को साइकिल दिवस घोषित करने की बात कही गई। इस सभी सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को एक दिन साइकिल से आफिस आने और महिला अधिकारियों, कर्मचारियों को पब्लिक ट्रंासपोर्ट या फिर ई स्कूटी से दफ्तर पहुंचने की सलाह दी गई है। अब इस पर अमल कितना होता है, यह वक्त ही बताएगा।

हफ्ते में एक दिन सरकारी अधिकारी कर्मचारी चलाएंगे साइकिल और महिलाएं ई स्कूटी
file photo

कमिश्नर रीवा संभाग रीवा ने सभी जिला कलेक्टर एवं क्षेत्रीय अधिकारियों को जारी किया पत्र 

रीवा। कमिश्नर पर्यावरण संरक्षण की सोच रहे हैं। प्रदूषण को कम करने की दिशा में सरकारी विभाग के अधिकारियेां, कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करना चाहते हैं। आने वाले भविष्य को साफ सुथरी और प्रदूषण मुक्त वातावरण देना चाह रहे हैं। यही वजह है कि कमिश्नर ने संभागभर के कलेक्टर और क्षेत्रीय अधिकारियों को पत्र जारी कर हर मंगलवार को साइकिल का उपयोग करने की बात कही है। मंगलवार को साइकिल दिवस के रूप में मनाने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर का कहना है कि ऐसा करने से सिर्फ एक ही फायदा नहीं मिलेगा। ईधर की बचत होगी। पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा और साथ ही साइकिल चलाने से सेहत भी ठीक रहेगी। कमिश्नर की पहल अच्छी है। उनका प्रयास भी सराहनीय है लेकिन इस पर अमल कितना हो पाता है यह आने वाले समय में देखने लायक होगा। 

सबसे बड़ी समस्या

सबसे बड़ी समस्या अधिकारियों के सामने स्टेटस की है। अधिकारियों को अफसरी की इतनी बुरी आदत हो गई है कि वह गाड़ी और एसी से बाहर ही नहीं निकलना चाहते। अधिकारियों को साइकिल चलानें शर्म महसूस होगी। महिला अधिकारियों को भी स्कूटी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से कार्यालय आना नागवार गुजरेगा। अधिकारियों, कर्मचारियों में साइकिल की आदत डलवाना ही बड़ी चुनौती होगी। 

आदेश में यह कहा गया है 

कमिश्नर ने आदेश में कहा है कि सभी जिला मुख्यालय के अधिकारी, कर्मचारी स्वैच्छिक रूप से सप्ताह में एक दिन प्रत्येक मंगलवार को साइकिल डे के पहल के तहत अपने कार्यालय साइकिल का उपयोग कर पहुंचेंगे। इस दिन कोई भी अधिकारी, कर्मचारी शासकीय,व्यक्तिगत वाहन का उपयोग नहीं करेंगे। महिला अधिकारी कर्मचारी स्वयं की ई स्कूटी या सार्वजनिक वाहन का उपयोग कर सकेंगी। क्षेत्र में भ्रमण के लिए 2 से 3 अधिकारी समन्वय बनाकर पूल वाहन का उपयोग करेंगे। 

कमिश्नर ने साइकिल डे रखने के उद्देश्य भी बताए हैं

कमिश्नर ने पहल के उद्देश्य से भी परिचित कराया है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत वाहनों के उपयोग में कमी से ईधन की खपत में कमी आएगी। यह व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक बचत करेगा साथ ही राष्ट्रीय संसाधनों पर दबाव कम करेगा। इसके अलावा वाहनों से निकलने वाले धुंए में कमी आने से प्रदूषण कम होगा। साइकिल चलाने से शारीरिक व्यायाम होगा। यह अधिकारियों, कर्मचारियों के स्वास्थ्य के लिए फायदे मंद रहेगा।