107 डिप्टी और संयुक्त कलेक्टर के तबादले, सब फिक्स था फिर भी रीवा के एक अधिकारी को लगा झटका, जबलपुर जाना था लेकिन पहुंच गए सतना
मप्र शासन ने सोमवार को तबादलों की झड़ी लगा दी। 107 संयुक्त कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए। इसमें रीवा के भी अधिकारी शामिल है। जिनका स्थानांतरण अन्यत्र हुआ है। एसडीएम अनुराग तिवारी का भी तबादला हुआ है। वह जबलपुर जाने की फिराक में थे। भरोसा था वहीं तबादला होगा लेकिन लिस्ट ने सतना पहुंचा दिया।

भोपाल/रीवा। सोमवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी और प्रभारी डिप्टी कलेक्टर की स्थानांतरण सूची जारी की है। इसमें 107 अधिकारियों का तबादला किया गया है। सोमवार की देर शाम को लिस्ट जारी की गई। हालांकि स्थानांतरण को लेकर पहले से ही अधिकारियों को पता था सिर्फ औपचारिका शेष रह गई थी। वह भी पूरी कर दी गई। इसमें कुछ अधिकारियों को जरूर झटका लगा। शेष खुश हैं। उनकी मनपसंद जगह पर पदस्थापना की गई है।
यह अधिकारी रीवा आए और यह गए
स्थानांतरण सूची में कई अधिकारियों का रीवा से स्थानांतरण हुआ है और कई रीवा आए हैं। इसमें गणेश प्रसाद अग्रवाल डिप्टी कलेक्टर अलीराजपुर से रीवा, एपी द्विवेदी संयुक्त कलेक्टर मैहर से मऊगंज, सुधीर कुमार बैक सतना से रीवा, अनुराग तिवारी संयुक्त कलेक्टर रीवा से सतना, श्रेयस गोखले का रीवा से उप संचालक धार्मिक न्यास उज्जैन, सुधाकर सिंह बघेल प्रभारी डिप्टी कलेक्टर का अनूपपुर से रीवा तबादला हुआ है।
अधिकारियों को पहले से पता था कहा जाना है
इस स्थानांतरण में अधिकारियों ने पहले ही सेटिंग कर ली थी। उनकी मनपसंद जगह के हिसाब से स्थानांतरण किए गए। जिन्होंने सेटिंग सही नहीं की और सिर्फ राजनीतिक सिफारिश के भरोसे रह गए, उन्हें ही झटका लगा है। इसमें एक रीवा के भी अधिकारी शामिल है। जिन्हें जबलपुर जाना था लेकिन सतना भेज दिया गया।