रीवा में होने वाली है अतिक्रमण के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई, टूटेंगे 100 से अधिक मकान और दुकान

प्रशासन और नगर निगम रीवा में सबसे बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में हैं। अमहिया रोड के चौड़ीकरण में चिन्हित करीब 100 से 200 दुकान और मकान को जमींदोज करने की तैयारी है। अतिक्रमण करने वालों तक नोटिस पहुंच गया है। जमीन के रिकार्ड और जवाब मांगे गए हैं। इसके बाद तोडफ़ोड़ शुरू हो जाएगी।

रीवा में होने वाली है अतिक्रमण के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई, टूटेंगे 100 से अधिक मकान और दुकान

सिरमौर चौराहा से अस्पताल चौराहा तक सड़क का होना है चौड़ीकरण

वर्तमान सड़क से ढ़ाई गुना चौड़ी होगी सड़क, फंस रहे हैं कई मकान

रीवा। आपको बता दें कि रीवा के मास्टर प्लान में अमहिया मार्ग का चौड़ीकरण भी शामिल हैं। इस सड़क के चौड़ीकरण को लेकर अब सुगबुगाहट शुरू हो गई है। सिरमौर चौराहा से अस्पताल चौराहा तक सड़क की भूमि पर लोगों ने कब्जा कर कई मंजिला पक्की दुकानें और मकान बना लिए हैं। इसके कारण सड़क सकरी होती चली गई। अब हालात यह है कि इस मार्ग से निकलना भी मुश्किल है। यही वजह है कि प्रशासन और नगर निगम ने मास्टर प्लान पर इम्पीमेंटेशन शुरू कर दिया है। दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने सर्वे कर मकानों को चिन्हित किया था। इसके बाद नगर निगम ने चिन्हित अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी जारी कर दिया है। जल्द ही इनके खिलाफ तोडफोड़ की कार्रवाई भी शुरू कर दी जाएगी। 

15 से 18 मीटर चौड़ी होगी सड़क

वर्तमान समय में सड़क की चौड़ाई करीब 7-8 मीटर ही है। इस सड़क को ढ़ाई गुना चौड़ा किया जाना है। सिरमौर चौराहा से अमहिया नाला तक सड़क की चौड़ाई 18 मीटर होगी। इसके बाद गल्ला मंडी गुरुद्वारा मार्ग तक 15 मीटर सड़क चौड़ी की जाएगी। गल्ला मंडी से अस्पताल चौराहा तक की सड़क 18 मीटर चौड़ी किए जाने का प्लान है। इसी के हिसाब से कार्रवाई भी की जा रही है।

2 से 3 मीटर तक  लोगों ने दोनों तरफ किया कब्जा

अमहिया मार्ग पहले इतनी सकरी नहीं थी। लोगों ने सड़क की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बढ़ाते बढ़ाते उसे सकरा कर दिया है। इसके कारण ही सड़क से निकलना मुश्किल हो गया है। इस मार्ग पर दोनों तरफ लोगों ने दो से तीन मीटर तक अवैध कब्जा कर लिया है। कुछ ने तो अवैध कब्जे वाली जमीन पर ही पूरा महल तैयार कर लिया है। सबसे बड़ा संकट उन्हीं पर मंडरा रहा।

सबसे व्यस्ततम सड़कों में एक है

अमहिया मार्ग सबसे व्यस्ततम सड़कों में है। इस मार्ग पर मेडिकल कॉलेज, संजय गांधी अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भी पकड़ता है। इस मार्ग पर एम्बुलेंस का आना जाना लगा रहता है। वाहनों की भीड़ के कारण इस सड़क पर दिन में कई बार जाम लगता है। इसमें एम्बुलेंस भी फंस जाती हैं। समय पर मरीज और डॉक्टर तक अस्पताल नहीं पहुंच पाते। सकरी सड़क बड़ी परेशानी बने हुए थे। सड़क चौड़ीकरण से राहत मिलेगी।