अमहिया थाना क्षेत्र में चल रहा था जुआ, सिविल लाइन पुलिस ने मारी रेड तो पकड़ाए जुआरी
रीवा शहर में पॉस कालोनियों में खुलेआम जुआ फड़ चल रहे हैं। गुरुवार शुक्रवार की आधी रात को अमहिया थाना क्षेत्र में सिविल लाइन पुलिस ने दबिश दी। मौके से कई जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इसकी भनक भी अमहिया पुलिस को लगने नहीं दी गई। दो मुख्य आरोपी हालांकि पुलिस की पकड़ से बच कर भागने में सफल हो गए। पॉस कालोनियों में चल रहे जुआ के फड़ पुलिस की संलिप्तता की तरफ भी इशारा करती है।

अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारिका नगर में चल रहा था जुआ
सीएसपी के नेतृत्व में मारी गई रेड, कई जुआरी पकड़ाए
रीवा। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के निर्देश पर शहर में जुए के खिलाफ गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात्रि करीब 1.30 बजे बड़ी कार्रवाई की गई। नगर पुलिस अधीक्षक शिवाली चतुर्वेदी के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना प्रभारी कमलेश साहू ने अमहिया थाना क्षेत्र के द्वारिका नगर स्थित एक फ्लैट पर देर रात छापा मारा, जहां दर्जनभर से अधिक जुआड़ी ताश के पत्तों पर जुआ खेलते पकड़े गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर कार्रवाई की। इस दौरान आधा दर्जन से ज्यादा जुआडिय़ों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी छत से कूदकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से करीब ढाई हजार रूपए नकदी ताश के पत्ते जब्त किए है। मौके से दो मुख्य आरोपी फरार हो गए जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। चर्चा है कि पकड़े गए जुआरी शहर के विभिन्न हिस्सों में होटलों और अन्य स्थानों पर जुए का संचालन करते हैं।