पिता के शराब की लत और घर में झगड़े से परेशान बेटी घर से भाग गई, पुलिस ने ट्रैस कर सतना में उतारा वर्ना..

घर में हर दिन झिकझिंग से एक किशोरी इतनी तंग आई कि वह घर से ही भाग निकली। पिता की शराब की लत और घर में हर दिन की लड़ाई से वह परेशान हो चुकी थी। बिना बताए ही वह ट्रेन में बैठी और भोपाल की तरफ बढ़ निकली। गनीमत तो यह रही कि पुलिस ने समय रहते मोबाइल ट्रैस कर लिया और उसे सतना से बरामद कर लिया। वर्ना एक और किशोरी लापता की लिस्ट में दर्ज हो जाती।

पिता के शराब की लत और घर में झगड़े से परेशान बेटी घर से भाग गई, पुलिस ने ट्रैस कर सतना में उतारा वर्ना..
File photo

बैकुंठपुर थाना का है मामला, दादी के साथ बाजार आई थी फिर भाग खड़ी हुई

पुलिस ने पिता को बुलाकर दी समझाइश

रीवा। यह पूरा मामला बैकुंठपुर थाना का है। एक बुजुर्ग महिला थाना पहुंची और उन्होंने पोती के गुम होने की जानकारी दी। बुजुर्ग महिला ने बताया कि मनगवां थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। बाजार करने बैकुंठपुर आए थे। वह बीज खरीदी में व्यस्त हो गई थी। तभी उसकी पोती कहीं गायब हो गई। पुलिस ने जब महिला की बातें सुनी तो हड़कंप मच गया। बैकुंठपुर थाना पुलिस ने बिना देर किए ही किशोरी का नंबर ट्रैस किया। किशोरी का  लोकेशन सतना की तरफ दिखाईदिया। इसके बाद पुलिस ने किशोरी के ट्रेन में सवार होने का अनुमान लगाया। तुरंत इसकी जानकारी जीआरपी सतना को दी गई। किशोरी की फोटो आदि भी उन्हें उपलब्ध करा दी गई। जैसे ही रेवांचल ट्रेन सतना पहुंची जीआरपी एक्टिव हो गई। तुरंत ही फोटो वाली लड़की को ढूढ़ निकाला गया। ट्रैन से उतार कर अपने पास रख लिया गया। कुछ समय बाद बैकुंठपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस किशोरी को लेकर बैकुंठपुर वापस पहुंची। जहां कागजी खानापूर्ति के बाद किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। 

किशोरी ने बताया क्यों भाग रही थी 

बैकुंठपुर पुलिस ने जब किशोरी से घर छोडऩे का करण पूछा तो उसने बताया कि पिता हर दिन शराब पीकर आते हैं। शराब की लत के कारण ही आए दिन घर में झगड़ा होता है। हर समय कलह की स्थिति बनी रहती है। हर दिन ही इस झिकझिक के कारण ही वह घर से भाग रही थी। यह सुनकर सभी दंग रह गए। पुलिस ने भी लड़की के पिता को थाने बुलाया। थाना प्रभारी ने पिता को समझाइश दी। नशा से दूर रहने की बात कही।