पहले चरण का मतदान खत्म, 21 राज्यों के 102 सीटों पर हुआ 63 फीसदी वोटिंग, त्रिपुरा में सर्वाधिक 80 फीसदी मतदान

शुक्रवार को लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण का मतदान पूरा हुआ। 21 राज्यों के 102 सीटों पर वोटिंग हुई। रात 9 बजे तक 63 फीसदी मतदान हुआ। सबसे अधिक त्रिपुरा में 80.17 फीसदी मतदान हुआ। वहीं पश्चिम बंगाल में 78 फीसदी मतदान हुआ। मप्र में 6 सीटों पर मतदान हुआ। यहां शाम 6 बजे तक 64 फीसदी मतदान हुआ।

पहले चरण का मतदान खत्म, 21 राज्यों के 102 सीटों पर हुआ 63 फीसदी वोटिंग, त्रिपुरा में सर्वाधिक 80 फीसदी मतदान

दिल्ली।  लोकसभा के फस्र्ट फेज में 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर वोटिंग शाम 6 बजे खत्म हो गई। सीटों के हिसाब से यह सबसे बड़ा फेज है। शाम छह बजे तक 63 फीसदी वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा 80 प्रतिशत वोट त्रिपुरा में डाले गए, जबकि बिहार में सबसे कम 48 प्रतिशत वोटिंग हुई। सुबह पीएम मोदी ने सभी से वोट डालने की अपील की थी। उन्होंने हिंदी, तमिल, मराठी समेत 5 भाषाओं में ट्वीट किया था। वोटिंग के दौरान मणिपुर के बिष्णुपुर में फायरिंग, बंगाल के कूचबिहार में हिंसा और छत्तीसगढ़ के बीजापुर में ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ है। ब्लास्ट में एक असिस्टेंट कमांडेंट और जवान घायल हैं। मणिपुर की दो लोकसभा सीटों (मणिपुर इनर और मणिपुर आउटर) पर भी इस फेज में वोटिंग है। हिंसा को देखते हुए आउटर सीट के कुछ हिस्सों में 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी। फस्र्ट फेज में 1,625 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 1,491 पुरुष, 134 महिला कैंडिडेट हैं। 8 केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल भी इस बार चुनाव मैदान में हैं।


उत्तर प्रदेश :उत्तर प्रदेश की आठ सीटों में मतदान हुआ। शाम पांच बजे तक सहारनपुर सीट पर सबसे ज्यादा 63.29 प्रतिशत और रामपुर सीट पर सबसे कम 52.42 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
उत्तराखंड: उत्तराखंड की सभी पांच सीटों में मतदान हुआ। शाम पांच बजे तक नैनीताल-उधमसिंह नगर सीट पर सबसे ज्यादा 59.36 प्रतिशत और अल्मोड़ा सीट पर सबसे कम 44.43 प्रतिशत वोटिंग हुई है। 
राजस्थान: राजस्थान की 12 सीटें शामिल हैं। शाम पांच बजे तक गंगानगर सीट पर सबसे ज्यादा 60.29 प्रतिशत और करौली धौलपुर सीट पर सबसे कम 42.53 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
बिहार: जिन 102 सीटों पर वोटिंग हुई, उनमें बिहार की चार सीटें शामिल हैं। शाम पांच बजे तक औरंगाबाद सीट पर सबसे ज्यादा 49.95 प्रतिशत और नबादा सीट पर सबसे कम 40.2 प्रतिशत वोटिंग हुई है।


अन्य राज्यों में यह रहा हाल
तमिलनाडु की सभी 39 सीटें, महाराष्ट्र की पांच, असम की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश की दो-दो, छत्तीसगढ़, मिजोरम और त्रिपुरा की एक-एक सीट शामिल हैं।
दुनिया की सबसे छोटी महिला ज्योति ने मतदान किया
पुडुचेरी के सीएम एन. रंगास्वामी मोटर साइकिल से वोट डालने के लिए पहुंचे। डेलार्शपेट शहर के एक पोलिंग बूथ पर उन्होंने वोट दिया। वहीं मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में दूल्हा-दुल्हन वोट देने पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर में भी दुल्हन दीपा बालियान ने पोलिंग बूथ 193-194 पर वोट दिया। दुनिया की सबसे छोटी महिला ज्योति आम्गे ने महाराष्ट्र के नागपुर में एक पोलिंग बूथ पर वोट डाला। राजस्थान के अनूपगढ़ में 90 वर्षीय महिला मरियम व्हीलचेयर से वोट डालने पहुंची।

मणिपुर में चली गोली, 3 घायल, इम्फाल में ईवीएम में तोडफ़ोड़
मणिपुर में बिष्णुपुर जिले के थमनपोकपी में एक मतदान केंद्र पर गोलीबारी हुई। इसमें 3 लोग घायल हो गए। वहीं इंफाल ईस्ट के थोंगजू के एक बूथ पर ईवीएम में तोडफ़ोड़ की खबर सामने आई। राज्य की दो सीटों- इनर मणिपुर और आउटर मणिपुर सीट पर आज वोटिंग हुई। आउटर सीट के हिंसा प्रभावित इलाकों के कुछ बूथ पर 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी। कूकी संगठनों ने कुछ दिन पहले लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है। उन्होंने न्याय नहीं तो वोट भी नहीं का नारा लगाया है।


छग में नक्सल प्रभावित इलाके में दोपहर 3 बजे खत्म हो गई वोटिंग
छत्तीसगढ़ में बस्तर लोकसभा सीट के लिए आज वोटिंग हुई। यहां नक्सल प्रभावित कोंडागांव जिले के अति संवेदनशील कडेनार और बेचा इलाकों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। इन इलाकों में दोपहर 3 बजे मतदान खत्म हो गया था। यहां मतदान कर्मियों को हेलिकॉप्टर से पोलिंग बूथ पर भेजा गया था। शाम को करीब 5 बजे ये दल हेलिकॉप्टर से लौटा है।
------------------


मप्र में शाम 6 बजे तक 63.50 फीसदी हुई वोटिंग
मध्यप्रदेश की 6 लोकसभा क्षेत्रों में शुक्रवार को प्रथम चरण का मतदान सम्पन्न हो गया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस बार यहां 63.50 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है। प्रदेश की चर्चित संसदीय सीट छिंदवाड़ा के अलावा मंडला, बालाघाट, शहडोल, जबलपुर और सीधी में शुक्रवार को वोट डाले गए। इन 6 से दो लोकसभा क्षेत्र अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित थी,लेकिन जबलपुर को छोड़कर सभी सीटों में आदिवासी वोट अहम माना जाता है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक सभी सीटों पर शाम 6 बजे तक 63.50 प्रतिशत वोट डाले गए है। हालांकि अंतिम आंकड़े आने पर यह संख्या थोड़ी बढ़ सकती है। 
केन्द्रीय मंत्री सहित 3 सांसद मैदान में
पहले चरण में केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह और छिंदवाड़ा सांसद नकुल नाथ इस चुनाव में भी मैदान में है। इन मौजूदा सांसदों की प्रतिष्ठा जहां दांव पर लगी हुई है,तो वहीं पूर्व सीएम कमलनाथ, वरिष्ठ कैलाश विजयवर्गीय की भी नतीजों पर टिकी हुई है।
पहले घंटे धीमा, फिर बढ़ा मतदान
अगर यहां मतदान पर नजर डाले तो पहले घंटे दो घंटे में यानि कि सुबह 7 से 9 बजे तक 14.12 फीसदी मतदान हुआ। इसके बाद मतदान में तेजी आई। पूर्वान्ह 11 बजे तक 30 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग हुई,तो दोपहर 1 बजे यह आंकड़ा 44.18 प्रतिशत तक पहुंच गया। दो घंटे बाद यानि कि दोपहर 3 बजे तक 53.40 प्रतिशत वोटिंग हुई,तो शाम 5 बजे तक वोटिंग प्रतिशत 63.25 तक पहुंच गया। आयोग ने 6५.११ प्रतिशत मतदान होने की जानकारी दी है। इसमें फायनल आंकड़ा आने पर संख्या बढ़ सकती है।
पोलिंग बूथ पर भिड़ गए भाजपाई और कांग्रेसी
छिंदवाड़ा के वार्ड क्रमांक 25 के पोलिंग बूथ क्रमांक 278 में वोटिंग के दौरान भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पंडाल में जमकर मारपीट की। 278 पोलिंग बूथ पर बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ बैठे। बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मतदान केंद्र में लगे पंडाल में मारपीट कर कुर्सियां तोड़ दीं और मतदाता सूची फाड़ दी। वहीं मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल स्थिति संभाली और विवाद को शांत कराया।