ठेका कंपनी की लापरवाही: मजदूर पर गिर गई भारी भरकम पाइप, हुई मौत

ठेका कंपनी की लापरवाही की सजा एक मजदूर को मिली। लापरवाही से एक मजदूर की जान चली गई। मामला बनकुइयां का है। जहां यार्ड में पाइप लोड करते समय हादसा हो गया। मजदूर को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मजदूरों से बिना सुरक्षा उपकरण दिए लिया जाता है काम
इसी लापरवाही के कारण हुआ हादसा, हेलमेट होता तो बचने की थी उम्मीद
रीवा।  जिला में पानी सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाई जा रही है। बनकुइयां में डीआई पाइप का यार्ड बना हुआ है। इस यार्ड में ही ट्रैक्टर में पाइप लोड किया जा रहा था। दो मजदूर पाइप लोड करने में लगे थे। पाइप लाइन को ट्रैक्टर में लोड करने के बाद पट्टे से बांधा जा रहा था। तभी पाइप लाइन पट्टे से सरकने लगी। एक मजदूर तो भाग खड़ा हुआ लेकिन दूसरा मजदूर नत्थू कोल भाग नहीं पाया। उसी के ऊपर ट्रैक्टर में लोड सारी पाइप गिर गई। भारी भरकम पाइप के नीचे नत्थू दब गया। आनन फानन में मजदूर को किसी तरह लोगों की मदद से निकाला गया और संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ठेकेदार की लापरवाही से पूरा परिवार ही अब भूखों मरने की कगार पर पहुंच गया है। नत्थू कोल की कमाई से ही परिवार चल रहा था। अब उसकी मौत ने उसके परिवार को ही बेसहारा कर दिया। रीवा मेंं कई काम चल रहे हैं। यहां मजदूरों को मशीनों की तरह यूज किया जाता है। उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ किया जाता है। टोपी, दस्ताना और गंबूट तक नहीं दिया जाता। इसी लापरवाही की सजा नत्थू कोल को भुगतनी पड़ी।