12 घंटे भी भारी वाहनों को नहीं रोक पाया ओवर हाइट वार, देखिए क्या हुई इसकी हालत

भारी वाहनों को बड़ी पुल से गुजरने से रोकने के लिए नगर निगम ने ओव्हर हाइट वार लगाया था। गुरुवार की शाम तक इसे लगाने का काम चला। सुबह होते ही एक ट्रक ने गुणवत्ता की पोल खोल दी। ओव्हर हाइट वार को ट्रक अपने साथ ले गया। लोहे के गाटर टूट कर सड़क पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि मौके पर कोई मौजूद नहीं था, वर्ना बड़ा हादसा हो जाता।

12 घंटे भी भारी वाहनों को नहीं रोक पाया ओवर हाइट वार, देखिए क्या हुई इसकी हालत

विक्रम पुल के दोनों तरफ लगाया गया था ओवर हाइट वार
शुक्रवार की सुबह धरासाई हो गया
REWA. शहर मेें विक्रम पुल से होकर भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए प्रशासन द्वारा गुरुवार की शाम को लगाया गया ओवर हाइट वार शुक्रवार सुबह धराशाई कर दिया गया। बेलगाम वाहन द्वारा इसे तोड़ दिया गया। गनीमत यह रही कि उस वक्त वहां पर कोई और मौजूद नहीं था अन्यथा कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। गौरतलब है कि शहर में बेलगाम वाहनों के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भी कोई स्थाई व्यवस्था नहीं की जा सकी है। बड़ी पुल से बड़े वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए मुख्य मार्ग के दोनों तरफ लोहे के गाटर के एंगल लगाकर ऊपर से हाइट एंगल लगाया गया था ताकि इस मार्ग को भारी वाहनों की आवाजाही से बचाया जा सके। लेकिन प्रशासन द्वारा बनाई गई यह व्यवस्था एक दिन भी नहीं चल सकी। शाम को ओवर हाइट एंगल लगाया गया और सुबह होते ही एक बेलगाम ट्रक उसे तोड़ते हुए गुजर गया। हालांकि पुलिस ने उक्त वाहन को थाने में खड़ा करा लिया है और प्रकरण भी पंजीबद्ध किया गया है। विदित हो कि पडऱा तिराहे से विक्रम पुल की ओर जाने वाले मार्ग में दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती थी। भारी वाहन ट्रांसपोर्ट नगर आने के बहाने नो एंट्री के समय शहर में प्रवेश करते थे और एजी कॉलेज विक्रम पुल मार्ग से होते हुए शहर में पहुंच जाते थे। कई ट्रांसपोर्टरों द्वारा भारी वाहनों की आवाजाही इसी मार्ग से होकर कराई जाती थी। और तो और, इस पुल पर आये दिन बसों को खड़ा किया जाता है। यही पर बसों की धुलाई भी की जाती है।