अस्पताल में पत्नी ने दिया बेटे को जन्म और इधर सेना के जवान की हादसे में चली गई जान, छाया मातम

असम गुवाहाटी में तैनात सेना के जवान की सड़क हादसे में जान चली गई। घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात समान थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान वाटिका के पास की है। बाइक सवार सेना के जवान को अज्ञात ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

अस्पताल में पत्नी ने दिया बेटे को जन्म और इधर सेना के जवान की हादसे में चली गई जान, छाया मातम

रीवा। मिली जानकारी के मुताबिक आर्मी में पदस्थ जवान सनी पटेल पुत्र समय लाल पटेल उम्र 28 वर्ष गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार गांव के निवासी थे। तीन दिन पहले ही वो गुवाहाटी से  छुट्टी में आए हुए थे। तीन साल पहले उनका विवाह हुआ था, एक दिन पहले अस्पताल में पत्नी ने बालक को जन्म दिया था, लेकिन दूसरे दिन पिता का साया बच्चे के सिर से उठ गया। समान थाना प्रभारी जे.पी पटेल ने बताया कि सेना में पदस्थ जवान सनी अस्पताल से घर के लिए बाइक से निकले थे, जैसे ही वो रतहरा एनएच के पास स्थित विहान हास्पिटल के दो सौ मीटर पहले हनुमान वाटिका के पास पहुंचे पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी, जिसके बाद शव को संजय गांधी अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया था। रविवार को पीएम उपरांत शव परिजनों को सौप दिया गया है, वहीं मर्ग कायम कर अज्ञात ट्रक सहित चालक की तलाश की जा रही है। रविवार को सैन्य सम्मान के साथ मृतक जवान को उनके गृह ग्राम बदवार में अंतिम विदाई दी गई।
गांव में छाया रहा मातम, नम रहीं आंखे
 सेना में पदस्थ जवान की सड़क दुर्घटना में  मौत की खबर के बाद बदवार गांव में मातम छा गया। गार्ड आफ आनर देकर सैन्य अधिकारियों ने उन्हे अंतिम विदाई दी जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने नम आंखो से उन्हें अंतिम विदाई दी। जानकारी दी गई कि आर्मी में पदस्थ जवान की अंतिम विदाई में सेना के अफसर गृह ग्राम पहुंचे साथ ही जिला प्रशासन की ओर से गुढ़ तहसीलदार तेजपति सिंह, गुढ़ थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय के साथ भाजपा नेता मुनिराज पटेल सहित काफी संख्या में ग्रामीण अंंंतिम दर्शन के लिए मौजूद रहे।
 पुराने बस स्टैण्ड में होटल संचालक से मारपीट, एक पकड़ाया
शहर के सिविल लाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने बस स्टैण्ड में शनिवार की रात्रि करीब 10.30 बजे होटल में हुए विवाद में दो युवकों ने होटल संचालक की पिटाई कर दी।
बताया गया कि एक युवक होटल में खाना खाने आया था, कूलर की हवा को लेकर वाद विवाद शुरू हुआ जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक पुराने बस स्टैण्ड में संचालित मार्तण्ड होटल संचालक सुमित गागवानी के साथ हुई कहासुनी के बाद दो युवकों ने मारपीट की। पीडि़त होटल संचालक ने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उसका मेडिकल कराया। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस  ने बांसघाट से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दूसरे की तलाश जारी है।
 तेज रफ्तार स्कार्पियो पलटी, दो घायल
 बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के पिपरी मोड़  के पास रविवार की दोपहर एक तेज रफ्तार स्कार्पियों अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में स्कार्पियों सवार दो युवक घायल हुए है। मिली जानकारी के मुताबिक स्कार्पियों सवार बैकुंपुर से पिपरी गांव आए हुए थे। जिसके बाद वो वापस बैकुंपुर के लिए लौटे। इसी बीच जैसे ही तेज रफ्तार स्कार्पियों पिपरी मोड़ के पास पहुंची चालक कार से अपना नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे नाले में जाकर पलट गई। घटना के बाद स्थानीय  लोगों ने कार सवार दो युवकों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। जानकारी दी गई कि युवक बैकुंठपुर से पिपरी गांव आए हुए थे जहां से वो वापस लौटते समय वो हादसे का शिकार हो गए।