संजय गांधी अस्पताल में भड़की आग, धुंआ उठा तो मचा हड़कंप.... फिर जानिए क्या हुआ
संजय गांधी अस्पताल में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सर्जरी विभाग में प्राइवेट वार्ड के पीछे से तेज धुंआ उठने लगा। धुंआ उठने से पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। धुंआ पर नजर पड़ी तो तुरंत इसकी सूचना डीन, उप अधीक्षक सहित कंपनी के अधिकारियों को दी गई। मौके पर सभी कर्मचारी और अधिकारी पहुंचे। एसी के आउटडोर से निकले बाक्स में आग लग गई थी। जिस पर तुरंत काबू पाया गया। एक बड़ी घटना घटने के पहले ही अधिकारियों, कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया।

सर्जरी विभाग के प्राइवेट वार्ड के पीछे लगी आग
चंद मिनटों में ही हालांकि आग पर पा लिया गया काबू
रीवा। मिली जानकारी के अनुसार संजय गांधी अस्पताल के द्वितीय तल पर सर्जरी विभाग संचालित है। इसमें प्राइवेट रूम भी संचालित हैं। प्राइवेट रूम के पीछे की तरफ एसी का बाक्स लगा हुआ है। इसके पैनल और केबिल में अचानक आग लग गई। केबिल मे आग लगते ही अस्पताल में धुंआ भर गया। तेज लपटे उठने लगी। धुंआ उठने पर अस्पताल में हड़कंप मच गया। एजाइल के कार्यकारी मैनेजर पीयूष शुक्ला को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत मुख्य सुरक्षा अधिकारी देवेन्द्र शुक्ला को सूचना दी। उन्होंने पूरी टीम को मौके पर बुलाया और तुरंत आग पर काबू पाया। आग लगने की जानकारी लगते ही डीन, उपअधीक्षक यत्नेश त्रिपाठी, अस्पताल प्रबंधक रवि सिंह, जनैद खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। एक बड़ी घटना स्टाफ की सतर्कता के कारण टल गई।