राम मय हुआ रीवा, धूमधाम से बनाया गया श्रीराम जन्मोत्सव, भव्य शोभा यात्रा निकाली गई

बुधवार को रीवा राममय रहा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जन्मोत्सव धूमाधाम से बनाया गया। मंदिरों में पूजन अर्चन किया गया। शहर में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। शहर में जगह जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया।

किला से निकली भगवान राम की शोभा यात्रा
नगर भ्रमण में निकली यात्रा, चौक चौराहों से होकर गुजरी
रीवा। जिले के राम मंदिरों में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का प्रकटोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुभ संयोग के बीच बुधवार सुबह से शंख ध्वनि व घड़ी-घंटाल के बीच कौशल्या नंदन का जन्मोत्सव कार्यक्रम प्रारम्भ हो गया। मंदिरों में श्रीराम के जन्म दिवस पर वैदिक मंत्रोच्चार, हवन, पूजा-आरती की गई। अधिकांश मंदिरों व घरों में गत दिवस से ही रामचरित मानस प्रारम्भ हो गई थी, जिसका बुधवार को समापन भी हुआ। कई मंदिरों में रामायण के पाठ भी बुधवार को होते रहे। हमेशा की तरह इस वर्ष भी परम्परा के अनुसार जिले में रामनवमीं के पर्व पर विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को देखते हुए पुलिस को भी जगह-जगह उचित व्यवस्था बनानी पड़ी। मंदिरों में होने वाले आयोजन सुबह से ही शुरू हो गए, जो देर शाम तक चलते रहे। इस दौरान लगभग सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओंं की खासी भीड़ उमड़ी रही।
श्री राम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकली
श्रीरामनवमी उत्सव समिति के द्वारा बुधवार को श्री राम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। राजाधिराज मंदिर किला परिसर में श्री राम दरबार की शोभायात्रा की राज परिवार द्वारा पूजा की गई। फिर वह नगर भ्रमण के लिए किला परिसर से प्रस्थान हुई। शोभायात्रा एक बड़े वाहन मेें सजाई गई थी, जिसमें श्रीराम-जानकी संग तीन भाई लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न और हनुमान जी के चित्र को कलाकारों ने जीवंत किया। इस नयनाभिराम दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं की उत्सुकता देखते ही बनती रही। किला से निकली यह शोभायात्रा सिटी कोतवाली, फोर्ट रोड, सराफा बाजार, स्टेच्यू चौराहा, अस्पताल चौराहा, अमहिया, सिरमौर चौराहा, कॉलेज चौराहा, मानस भवन, शिल्पी प्लाजा होते हुए सांई मंदिर पहुंची। शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। आयोजकों द्वारा शोभायात्रा के मार्ग को केसरिया ध्वज से सजाया गया। साई मंदिर में शोभायात्रा पहुंचने के बाद भगवान श्रीराम की पूजन-आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस आयोजन में विहिप, बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एवं संघ के सभी आयामों के स्वयं सेवक, आम जनमानस उपस्थित रहे।
लक्ष्मणबाग मंदिर में हुआ प्रसाद वितरण
श्रीराम जन्मोत्सव के शुभ क्षण में लक्ष्मणबाग मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर मेेंं नियत समय पर भगवान श्रीराम का प्रकट उत्सव मनाया गया। धर्माचारी डॉ दीनानाथ शास्त्री के निर्देशन में हवन, पूजन-आरती कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य भण्डारा कार्यक्रम भी आयोजित कराया गया।
जगह-जगह हुए भण्डारे
मारुतिनंदन सेवा समिति द्वारा सब्जी मंडी स्थित हनुमान मंदिर में राम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। अमहिया स्थित रघुनाथ जी जयरामदास मंदिर में बुधवार को श्री राम का जन्मोत्सव आयोजित हुआ। मंदिर के पुजारी पं चंद्रमणि शास्त्री के निर्देशन में दोपहर 12 बजे से मंदिर में पूजन कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ, इसके उपरांत भण्डारा प्रसाद वितरण कराया गया। चिरहुला नाथ मंदिर, रामसागर व खेमसागर मंदिर में भी राम जन्म के अवसर पर विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित हुए। साथ ही भक्तों की टोली द्वारा मंदिरों में भण्डारा प्रसाद वितरण भी इन मंदिरों मेें कराया गया। राधाकृष्ण सोन महल मंदिर, नरेन्द्र नगर के पीछे श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया। इसके अलावा,  श्रीमनसादास खखरी मंदिर, मुकातिक मंदिर, गोपालदास मंदिर, पंचमठ आश्रम मंदिर, रामदास मंदिर सहित अन्य मंदिरों में राम जन्मोत्सव के अवसर भक्तों की भीड़ पूरे दिन बनी रही।
अनंतकालीन रामकथा का हुआ शुभारम्भ
विश्वविद्यालय-इटौरा बायपास स्थित झलबदरी आश्रम में तुलसीघाट का नामक नवीन भवन का निर्माण हुआ है, जिसकी प्रतिष्ठा रामनवमीं के अवसर पर हुई। साथ ही, इस भवन में चित्रकूट के संतों की उपस्थिति में अनंतकालीन रामकथा का शुभारम्भ हुआ। शुभारम्भ अवसर पर सुतीक्षण मुनि आश्रम के प्रमुख संत रामेश्वर दास महाराज ने मुख्य रुप से अनंतकालीन रामकथा का वाचन किया। भगवान श्रीराम का विधि-विधान से पूजन उपरांत विशाल भण्डारा प्रसाद वितरण कराया गया।