गर्भवती महिला से समान थाना में अभद्रता, झूमाझटकी तक की गई

पति के मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत लेकर थाना पहुंची 9 महीने की गर्भवती महिला की फरियाद नहीं सुनी गई। उसे बार बार दौड़ाया गया। बाइक चोरी की शिकायत लिखने की मांग करने पर गर्भवती महिला के साथ अभद्रता की गई। महिला ने थाना में पदस्थ आरक्षक और मुंशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभद्रता का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

गर्भवती महिला से समान थाना में अभद्रता, झूमाझटकी तक की गई
pheedit mahila

रीवा। पीडि़त महिला जनता कॉलेज निवासी साधना तिवारी ने बताया कि वह गर्भवती है। उसे समान पुलिस बार बार दौड़ाती रही। महिला ने बताया कि उसके पति बाइक लेकर मंगलवार को बस स्टैण्ड आए हुए थे। वहां से उनकी बाइक चोरी हो गई। बुधवार की दोपहर 2 बजे उसके पास एक अनजान नंबर से फोन पहुंचा। संबंधित व्यक्ति ने बताया कि उनकी बाइक सिरमौर चौराहा में खड़ी है। इसकी जानकारी लेकर महिला समान थाना पहुंची तो पुलिस उसके साथ बाइक की तफ्दीश करने नहीं गई। महिला को ही भेज दिया। इसके बाद जब वह थाना लौटी तो उसकी शिकायत लिखने वाला कोई नहीं था। वह शाम को फिर थाना पहुंची। महिला ने बताया कि वह 9 महीने की गर्भवती है और फिर भी उसकी फरियाद नहीं सुनी जा रही है। महिला ने समान थाना के मुंशी और आरक्षक पर अभ्रदता का भी आरोप लगाया। जूते मारने और थाना में बंद करने का भी आरोप लगाया। मोबाइल से पुलिस के कृत्य और व्यवहार को रिकार्ड करने लगी तो उसके साथ झूमाझटकी तक की गई। पुलिस आरक्षक ने गर्भवती महिला को थाना में बंद करने तक की धमकी दी। महिला ने अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी से भी शिकायत करने की बात कही है। वहीं समान पुलिस का इस मामले में कहना है कि महिला के पति की बाइक साला ले गया था। उसे बाइक लौटाई ही नहीं थी। महिला ने खुद ही पहले दिन शिकायत करने से इंकार कर दिया था। महिला के साथ अभद्रता की जांच कराई जा रही है।