हिसाब किताब बराबर: शराबी हेडमास्टर और पीटने वाले प्राचार्य दोनों हुए निलंबित
जवा स्कूल के शराबी हेडमास्टर और हेडमास्टर को पीटने वाले संकुल प्राचार्य दोनों को कमिश्नर ने निलंबित कर दिया है। प्राचार्य का निलंबन के दौरान मुख्यालय डीईओ कार्यालय बनाया गया है। वहीं हेडमास्टर को बीईओ कार्यालय गंगेव भेज दिया गया है।

डीईओ ने हेडमास्टर तो जेडी ने प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजा था
रीवा। ज्ञात हो कि हाई स्कूल जवा के हेडमास्टर मुन्ना लाल कोल की शिकायत डीईओ को मिली थी। शिकायत मिलने पर जांच के लिए डीईओ ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्याय सितलहा के प्रभारी प्राचार्य को जांच के लिए भेजा था। जांच में पहुंचे प्राचार्य को हेडमास्टर नशे में धुत मिले थे। हेडमास्टर ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। प्राचार्य के प्रतिवेदन पर निलंबन की कार्रवाई का प्रस्ताव डीईओ ने कमिश्नर के पास भेजा था। इन सारी प्रक्रिया के दो दिन बाद प्राचार्य का भी एक वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में प्राचार्य हेडमास्टर की पिटाई करते हुए कैद हो गए। छड़ी से हेडमास्टर की जमकर पिटाई की। इस मामले में हेडमास्टर की शिकायत पर जवा थाना में एससी, एसटी के तहत प्राचार्य के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। प्राचार्य के खिलाफ भी निलंबन का प्रस्ताव डीईओ ने जेडी के पास भेजा। जेडी ने कमिश्नर के पास भेजा। कमिश्नर ने दोनों को ही निलंबित कर दिया है।
कमिश्नर ने की दोनों के खिलाफ कार्रवाई
कमिश्नर बीएस जामोद ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सितलहा के प्रभारी प्राचार्य हीरामणि त्रिपाठी मूल पद व्याख्याता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। यह कार्यवाही मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के तहत की गई है। निलंबन अवधि में श्री त्रिपाठी का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रीवा रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। प्रभारी प्राचार्य श्री त्रिपाठी को शासकीय हाईस्कूल जवा में एक प्रकरण की जाँच के लिए भेजा गया था। इस स्कूल के प्रधानाध्यापक मुन्नालाल कोल के साथ कथित रूप से श्री त्रिपाठी द्वारा मारपीट की गई। इसके वायरल वीडियो की जाँच किए जाने पर श्री त्रिपाठी प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए। जिला शिक्षा अधिकारी रीवा द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर निलंबन की कार्यवाही की गई है। हेडमास्टर मुन्ना लाल कोल को भी निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में हेडमास्टर का मुख्यालय बीईओ कार्यालय गंगेव बनाया गया है।